cricket news

India Tour of Australia 2025: ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जाएगी टीम इंडिया, जानिए पूरा शेड्यूल

क्रिकेट फैंस के लिए आईपीएल 2025 के बीच बड़ी खुशखबरी आई है। भारतीय क्रिकेट टीम इसी साल ऑस्ट्रेलिया का दौरा करने वाली है, जहां तीन वनडे और पांच टी20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज खेली जाएगी। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) ने इस बहुप्रतीक्षित सीरीज के शेड्यूल की आधिकारिक घोषणा कर दी है। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच क्रिकेट की राइवलरी हमेशा से ही रोमांचक रही है, और इस बार भी दोनों टीमों के बीच जबरदस्त मुकाबले देखने को मिलेंगे।

कब होगा भारत का ऑस्ट्रेलिया दौरा?

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के अनुसार, भारतीय टीम 19 अक्टूबर से 8 नवंबर 2025 के बीच ऑस्ट्रेलिया में सफेद गेंद (वनडे और टी20) की सीरीज खेलेगी। तीन वनडे मुकाबले डे-नाइट होंगे, जबकि पांच टी20 मैच रात में खेले जाएंगे।

इन मैदानों पर होंगे मुकाबले

इस सीरीज के दौरान पहली बार ऑस्ट्रेलिया के सभी आठ राज्यों और क्षेत्रों में पुरुषों के इंटरनेशनल मुकाबले खेले जाएंगे। खासतौर पर कैनबरा और होबार्ट पहली बार 5 मैचों की टी20 सीरीज के दौरान भारत की मेजबानी करेंगे। वनडे सीरीज के मुकाबले पर्थ, एडीलेड और सिडनी में होंगे।

भारत इस दौरे पर 2024-25 में खेली गई बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के बाद वापस ऑस्ट्रेलिया लौटेगा। पिछली बार बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के दौरान ऑस्ट्रेलिया में दर्शकों की रिकॉर्ड संख्या देखी गई थी, जिससे यह साफ है कि भारत और ऑस्ट्रेलिया की भिड़ंत दुनियाभर के क्रिकेट फैंस के लिए बेहद खास होती है।

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के मुख्य कार्यकारी टॉड ग्रीनबर्ग ने कहा, “हमने पिछली गर्मियों में दर्शकों की संख्या, टीवी व्यूअरशिप और डिजिटल एंगेजमेंट के कई रिकॉर्ड तोड़े। हमें पूरा विश्वास है कि यह गति पूरे सीजन में जारी रहेगी। हम अपनी सरकारों, आयोजन स्थलों, प्रसारण और वाणिज्यिक भागीदारों के सहयोग के लिए आभारी हैं, जो ऑस्ट्रेलिया के राष्ट्रीय खेल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में मदद कर रहे हैं।”

IPL 2025: डेब्यू मैच में 4 विकेट लेकर चमके अश्वनी कुमार, मुंबई इंडियंस को दिलाई पहली जीत

भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया व्हाइट बॉल सीरीज का पूरा शेड्यूल

वनडे सीरीज (ODI Series)

📍 19 अक्टूबर: पर्थ स्टेडियम, पर्थ
📍 23 अक्टूबर: एडीलेड ओवल, एडीलेड
📍 25 अक्टूबर: एससीजी, सिडनी

टी20 सीरीज (T20 Series)

📍 29 अक्टूबर: मनुका ओवल, कैनबरा
📍 31 अक्टूबर: एमसीजी, मेलबर्न
📍 2 नवंबर: बेलरीव ओवल, होबार्ट
📍 6 नवंबर: गोल्ड कोस्ट स्टेडियम, गोल्ड कोस्ट
📍 8 नवंबर: द गाबा, ब्रिस्बेन

क्रिकेट फैंस के लिए होगा जबरदस्त रोमांच

भारत और ऑस्ट्रेलिया की टीमें जब भी आमने-सामने होती हैं, क्रिकेट फैंस को हाई-वोल्टेज मुकाबले देखने को मिलते हैं। यह सीरीज टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले भारत के लिए एक बेहतरीन तैयारी का मौका होगी। ऐसे में सभी की नजरें इस रोमांचक क्रिकेट सीरीज पर टिकी होंगी।

Back to top button